• Thu. May 14th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

नया रिकॉर्ड बनाने की ओर बढ़ रही चारधाम यात्रा, 12.60 लाख श्रद्धालु कर चुके दर्शन

ByParyavaran Vichar

May 14, 2026

देहरादून। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड की ओर तेजी से बढ़ रही है। अब तक 12.60 लाख से अधिक श्रद्धालु केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में दर्शन कर चुके हैं। बुधवार को ही एक दिन में करीब 80 हजार श्रद्धालुओं ने चारों धामों में दर्शन किए।

चारधाम यात्रा की शुरुआत 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ हुई थी। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। यात्रा शुरू होने के 25 दिनों के भीतर ही श्रद्धालुओं की संख्या 12.60 लाख के पार पहुंच गई है। खासतौर पर केदारनाथ धाम को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

प्रदेश सरकार यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार निगरानी कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मौसम खराब होने की स्थिति में भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

भीड़ नियंत्रण और डिजिटल मॉनिटरिंग पर जोर

श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने के लिए स्लॉट प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण प्रणाली को और प्रभावी बनाया गया है। यात्रा मार्गों और धामों में रियल टाइम डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम का इस्तेमाल किया जा रहा है।

सरकार का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत केदारनाथ धाम में हुए पुनर्निर्माण कार्यों के बाद धाम अब और अधिक दिव्य एवं भव्य स्वरूप में दिखाई दे रहा है। साथ ही पैदल यात्रा मार्गों को बेहतर बनाए जाने से श्रद्धालुओं की यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुगम हुई है।

मौसम की चुनौतियों को देखते हुए सरकार ने विशेष निगरानी तंत्र भी तैयार किया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *