• Thu. May 14th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

पुलिस से सेटिंग का डर दिखाकर रंगदारी मांगने वाले गिरोह का भंडाफोड़, मास्टरमाइंड समेत तीन गिरफ्तार

ByParyavaran Vichar

May 14, 2026

ऋषिकेश। गंभीर आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकी देकर कारोबारी से लाखों रुपये की रंगदारी मांगने वाले गिरोह का ऋषिकेश पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में गिरोह के मास्टरमाइंड सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से नकदी, मोबाइल फोन और कई डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं।

कोतवाली ऋषिकेश में दर्ज शिकायत के अनुसार गंगानगर निवासी कारोबारी अतुल गुप्ता को कुछ लोग लगातार हत्या के प्रयास और लूट जैसे गंभीर मुकदमों में फंसाने की धमकी दे रहे थे। शिकायत में बताया गया कि अनुज गोयल नामक व्यक्ति खुद को पुलिस से ‘सेटिंग’ रखने वाला बताकर मामला दबाने के नाम पर 20 से 25 लाख रुपये की मांग कर रहा था।

डर और दबाव के चलते आरोपियों ने कारोबारी से शुरुआती तौर पर दो लाख रुपये भी वसूल लिए थे। इसके बाद भी लगातार बाकी रकम की मांग की जा रही थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश की निगरानी में टीम ने मोबाइल सर्विलांस, व्हाट्सएप चैट और कॉल डिटेल की जांच शुरू की।

जांच के दौरान शुभम चौहान की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से एक लाख 83 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस के अनुसार यह रकम कारोबारी से वसूली गई धनराशि का हिस्सा थी। इसके बाद मुख्य साजिशकर्ता अनुज गोयल को लच्छीवाला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल जारी है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *