• Sat. Jun 27th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

कुल्हाल बॉर्डर पर बैरियर तोड़ उत्तराखंड में प्रवेश, अज्ञात निहंग सिखों पर हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा

ByParyavaran Vichar

Jun 27, 2026

विकासनगर (देहरादून)। कुल्हाल बॉर्डर पर बैरिकेडिंग तोड़कर उत्तराखंड में प्रवेश करने के मामले में पुलिस ने अज्ञात निहंग सिखों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। यह घटना उस समय हुई जब चंडीगढ़ से हेमकुंड साहिब की ओर जा रहे निहंग सिखों का पहला जत्था गुरुवार देर रात कुल्हाल सीमा पर पहुंचा।

पुलिस के अनुसार, कर्णप्रयाग में हुए विवाद के बाद सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में निहंग सिखों के वहां पहुंचने की अपील की गई थी। इसे देखते हुए कुल्हाल बॉर्डर पर पुलिस, पीएसी और आईटीबीपी के जवानों की तैनाती की गई थी। प्रशासन ने जत्थे से बिना हथियार और छोटे-छोटे समूहों में यात्रा करने का अनुरोध किया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी।

पुलिस का आरोप है कि वार्ता विफल होने के बाद कुछ लोगों ने तलवार, कृपाण, फरसे, भाले और अन्य हथियार लहराते हुए बैरिकेडिंग तोड़ दी। इस दौरान आसपास खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचा और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने का भी कथित प्रयास किया गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

एसपी देहात पंकज गैरोला ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात निहंग सिखों के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा डालने, लोक सेवक पर हमला, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, आपराधिक बल प्रयोग तथा लोगों में भय का माहौल पैदा करने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और संबंधित लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *