• Sat. Jun 27th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

पांवटा साहिब सीमा पर हालात सामान्य, प्रशासन और निहंग प्रतिनिधियों के बीच सकारात्मक वार्ता जारी

ByParyavaran Vichar

Jun 27, 2026

देहरादून। पंजाब से हिमाचल प्रदेश के रास्ते उत्तराखंड आने की कोशिश कर रहे निहंग सिख समुदाय को लेकर शुक्रवार को पांवटा साहिब सीमा पर स्थिति सामान्य रही। प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है तथा पूरे सीमावर्ती क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने पांवटा साहिब सीमा का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और मौके पर तैनात अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। सीमा पर पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों की पर्याप्त तैनाती की गई है। देहरादून आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है।

इस बीच, पांवटा साहिब गुरुद्वारे में प्रशासन और निहंग सिख समुदाय के प्रतिनिधियों के बीच शांतिपूर्ण माहौल में वार्ता जारी रही। हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर भी निहंग प्रतिनिधियों से बातचीत के लिए पांवटा साहिब पहुंचे।

निहंग जत्थेदार अकाली जसदीप सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी कुछ मांगें प्रशासन के सामने रखी थीं। उनके अनुसार प्रशासन ने मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए दो दिन का समय मांगा है और नज़रबंद निहंग सिखों से मुलाकात कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि साथियों से मिलने के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी और इसके बाद वे उत्तराखंड होकर सीधे पंजाब लौटेंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संवाद के माध्यम से स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी रहेगी।

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि सीमा और अन्य प्रवेश मार्गों पर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *