• Fri. Nov 27th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

यूसीसी से नकल विरोधी कानून तक, धामी सरकार ने गिनाईं पांच साल की उपलब्धियां

ByParyavaran Vichar

Nov 27, 2026

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों की पृष्ठभूमि में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार ने अपने पांच वर्षों के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा है। भाजपा की ओर से जारी इस रिपोर्ट कार्ड में कई महत्वपूर्ण कानूनी और प्रशासनिक फैसलों को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों के तौर पर प्रस्तुत किया गया है। कानून व्यवस्था को मजबूत करने, भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता लाने, सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा और प्रदेश के मूल स्वरूप को संरक्षित करने से जुड़े फैसलों को इसमें विशेष स्थान दिया गया है।

हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"

समान नागरिक संहिता को बताया प्रमुख फैसला

रिपोर्ट कार्ड के अनुसार, 27 जनवरी 2025 को उत्तराखंड समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला स्वतंत्र भारत का पहला राज्य बना। इस कानून के तहत विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और लिव-इन रिलेशनशिप जैसे विषयों के लिए समान कानूनी प्रावधान किए गए हैं। सरकार ने इसे सामाजिक और कानूनी व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में प्रस्तुत किया है।

स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ

नकल विरोधी कानून से भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता का दावा

युवाओं के भविष्य और सरकारी भर्ती परीक्षाओं की विश्वसनीयता को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2023 में नकल विरोधी कानून लागू किया गया। रिपोर्ट कार्ड में इसे भर्ती परीक्षाओं में नकल और पेपर लीक जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए उठाया गया बड़ा कदम बताया गया है।

इस कानून में पेपर लीक और नकल से जुड़े गंभीर अपराधों में दोषियों के लिए आजीवन कारावास, 10 करोड़ रुपये तक जुर्माना, अवैध संपत्ति की जब्ती और परीक्षाओं से प्रतिबंधित करने जैसे प्रावधान शामिल किए गए हैं। सरकार ने कानून के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का दावा किया है।

धर्मांतरण विरोधी कानून और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा

रिपोर्ट कार्ड में वर्ष 2022 में धर्मांतरण विरोधी कानून को अधिक सख्त बनाने का भी उल्लेख किया गया है। इसके तहत बल, प्रलोभन या धोखाधड़ी के माध्यम से कराए जाने वाले अवैध धर्म परिवर्तन पर कार्रवाई के प्रावधान किए गए हैं। सरकार ने इसे सामाजिक सौहार्द और कानून व्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण निर्णय बताया है।

इसके अलावा, दंगों और विरोध प्रदर्शनों के दौरान सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से उसकी भरपाई कराने के उद्देश्य से लोक एवं निजी संपत्ति क्षति वसूली अधिनियम, 2024 लागू किया गया। इस व्यवस्था के तहत संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के जिम्मेदार लोगों से क्षतिपूर्ति वसूलने का प्रावधान किया गया है।

भू-कानून और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई

प्रदेश की जमीन और स्थानीय संसाधनों की सुरक्षा को लेकर लागू किए गए सख्त भू-कानून को भी रिपोर्ट कार्ड में प्रमुखता दी गई है। सरकार के अनुसार, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर को छोड़कर शेष 11 पर्वतीय जिलों में बाहरी व्यक्तियों द्वारा कृषि और उद्यान भूमि खरीदने पर रोक से जुड़े प्रावधान किए गए हैं।

सरकार ने सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की कार्रवाई का भी उल्लेख किया है। रिपोर्ट कार्ड के मुताबिक, प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई गई है। इसके साथ ही धार्मिक स्थलों की आड़ में किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई और छद्मवेशधारियों के विरुद्ध ऑपरेशन कालनेमि जैसी मुहिम का जिक्र किया गया है।

इन फैसलों को भाजपा ने धामी सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों के रूप में प्रस्तुत किया है। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जारी रिपोर्ट कार्ड के माध्यम से सरकार ने अपने कानूनी और प्रशासनिक निर्णयों को जनता के सामने रखा है। इन नीतियों का वास्तविक प्रभाव उनके क्रियान्वयन, कानूनी प्रक्रिया और आम नागरिकों पर पड़ने वाले परिणामों के आधार पर भी आंका जाएगा।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *