• Fri. Feb 20th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

लक्सर गोलीकांड में पुलिस की लापरवाही, एक एसआई और दो कांस्टेबल निलंबित

ByParyavaran Vichar

Dec 26, 2025

देहरादून/रुड़की।
पुलिस अभिरक्षा में पेशी पर ले जाए जा रहे हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई की है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही पाए जाने पर एक उपनिरीक्षक (एसआई) और दो कांस्टेबलों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, पूरे घटनाक्रम की जांच पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) को सौंपी गई है।

यह वारदात बुधवार दोपहर करीब एक बजे लक्सर–हरिद्वार हाईवे स्थित ओवरब्रिज पर हुई। रुड़की कारागार में बंद मेरठ निवासी कुख्यात बदमाश विनय त्यागी को धोखाधड़ी के एक मामले में लक्सर एसीजेएम कोर्ट में पेश किया जाना था। चालक सहित छह पुलिसकर्मी उसे सरकारी टाटा सूमो वाहन से लेकर जा रहे थे।

ओवरब्रिज के बीच जाम लगने के कारण पुलिस वाहन को रोकना पड़ा। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे दो बाइकों पर सवार नकाबपोश बदमाशों ने वाहन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोलीबारी में विनय त्यागी को तीन गोलियां लगीं और वह वाहन के अंदर ही गिर पड़ा। दो पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं, जबकि अन्य बाल-बाल बच गए।

घटना के बाद बदमाश भीड़ के बीच हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घायल विनय त्यागी को तत्काल लक्सर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद कड़ी सुरक्षा में उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद सुयाल, सीओ नताशा सिंह, कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण, मंगलौर कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह, खानपुर एसओ धर्मेंद्र राठी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए हैं।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *