• Sat. Jan 31st, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

विकासनगर में दर्दनाक हादसा: दीवार तोड़कर घर में घुसा तेज रफ्तार वाहन, डेढ़ वर्षीय बच्ची की मौत, किशोर घायल

ByParyavaran Vichar

Jan 23, 2026

विकासनगर (देहरादून)।
सेलाकुई थाना क्षेत्र के बहादुरपुर में बृहस्पतिवार देर शाम एक तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर दुकान की दीवार तोड़ते हुए एक घर में घुस गया। हादसे में डेढ़ वर्षीय बच्ची की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं इस दुर्घटना में एक किशोर घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन सेलाकुई से बहादुरपुर की ओर आ रहा था। अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे स्थित दुकान की दीवार तोड़ते हुए घर के अंदर जा घुसा। इस दौरान घर के पास मौजूद डेढ़ वर्षीय बच्ची ताशी गुप्ता और 16 वर्षीय किशोर वेदांश वाहन की चपेट में आ गए।

हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे परिजन धूलकोट स्थित ग्राफिक एरा अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। किशोर को हल्की चोटें आई हैं और उसका उपचार किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार वाहन चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि पीड़ित पक्ष से शिकायत मिलने के बाद आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और उसकी तलाश की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का एक्सल टूटना या सड़क पर अचानक जानवर का आ जाना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मृत बच्ची के पिता पेशे से इंजीनियर हैं और वह उनकी इकलौती संतान थी।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *