• Sat. Jan 31st, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

बारिश और बर्फबारी से प्रदेश में 20 मार्ग बंद, उत्तरकाशी में फंसे लोगों व वाहनों को सुरक्षित निकाला गया

ByParyavaran Vichar

Jan 24, 2026

देहरादून।
प्रदेश में शुक्रवार को हुई बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मौसम की मार से राज्यभर में 20 छोटे-बड़े मार्ग बंद हो गए हैं, जिनमें दो राष्ट्रीय राजमार्ग, छह राज्यमार्ग, एक मुख्य जिला मार्ग, एक अन्य जिला मार्ग और 10 ग्रामीण मार्ग शामिल हैं। बंद मार्गों को खोलने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार, देहरादून जिले में सबसे अधिक मार्ग बंद हैं। यहां दो राज्यमार्ग, एक मुख्य जिला मार्ग, एक अन्य जिला मार्ग और चार ग्रामीण मार्ग अवरुद्ध हैं। उत्तरकाशी जिले में कुल सात सड़कें बंद हैं, जिनमें दो राष्ट्रीय राजमार्ग, दो राज्यमार्ग और तीन ग्रामीण मार्ग शामिल हैं।

उत्तरकाशी में ऋषिकेश–यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-134) राड़ीटाप से औरछाबैंड तक तथा ऋषिकेश–गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-34) गंगनानी से आगे बर्फबारी के कारण बंद है। वहीं, चमोली जिले में जोशीमठ–औली मार्ग और पौड़ी जिले का एक राज्यमार्ग भी बर्फबारी के चलते यातायात के लिए बंद है। पिथौरागढ़ जिले में तीन मार्ग अवरुद्ध बताए गए हैं।

फंसे लोगों और वाहनों को सुरक्षित निकाला गया

उत्तरकाशी जिले के विभिन्न मोटर मार्गों पर बर्फबारी और मलबा आने से फंसे वाहनों और लोगों को प्रशासन द्वारा सुरक्षित बाहर निकाला गया। उत्तरकाशी–लम्बगांव मोटर मार्ग के चौरंगी क्षेत्र में जेसीबी की मदद से फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला गया। पहले 14 लोगों को और बाद में आठ महिलाओं व बच्चों को मैगी प्वाइंट तक पहुंचाया गया। चौरंगी खाल में पूर्ति विभाग की ओर से सभी को भोजन भी कराया गया।

इसके अलावा बनचौरा–दिवारी खोल और पत्थर खोल के बीच फंसे एक वाहन से तीन लोगों को सुरक्षित निकालकर पत्थर खोल वन विभाग चौकी पहुंचाया गया। पुरोला–मोरी मोटर मार्ग के जरमोला धार में फंसी करीब 200 लोगों की गाड़ियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि एक टेंपो ट्रैवलर अभी वहीं खड़ा है। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगुण के पास मलबा आने से फंसे वाहनों को भी सुरक्षित निकालकर मार्ग को आंशिक रूप से सुचारु कर दिया गया।

प्रशासन ने लोगों से मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *