देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में शनिवार को हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा और बर्फबारी हो सकती है।
खास तौर पर 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना अधिक जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक चार फरवरी तक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। वहीं, पांच फरवरी से प्रदेशभर में मौसम साफ होने और ठंड से राहत मिलने की उम्मीद है।
शुक्रवार को प्रदेश के मैदानी और पर्वतीय इलाकों में तेज धूप खिली, जिससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री अधिक 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी तापमान में इसी तरह की बढ़ोतरी देखने को मिली।
