• Tue. Mar 24th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में टोकन सिस्टम जारी रहेगा, श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधा

ByParyavaran Vichar

Mar 24, 2026

आगामी चारधाम यात्रा में केदारनाथ धाम और बदरीनाथ धाम में दर्शन के लिए टोकन सिस्टम इस बार भी लागू रहेगा। प्रशासन ने साफ किया है कि इस व्यवस्था को समाप्त नहीं किया जाएगा।

पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन ने पिछले वर्ष श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से टोकन व्यवस्था शुरू की थी। इसका मकसद लंबी कतारों से बचाव और निर्धारित समय पर दर्शन सुनिश्चित करना था। हालांकि, शुरुआती दौर में बढ़ती भीड़ के कारण इस व्यवस्था में कई समस्याएं सामने आई थीं।

टोकन सिस्टम के तहत यात्रा पंजीकरण के बाद श्रद्धालुओं को धाम पहुंचने पर एक निर्धारित समय का टोकन दिया जाता है, ताकि वे उसी समय पर दर्शन कर सकें। इसके बावजूद कई श्रद्धालुओं को लाइन में इंतजार करना पड़ा था।

चारधाम तीर्थपुरोहित महापंचायत ने इस व्यवस्था का विरोध करते हुए इसे अव्यवहारिक बताया और इसे समाप्त करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे श्रद्धालुओं को असुविधा होती है।

वहीं, पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल का कहना है कि हर साल श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है, इसलिए व्यवस्थाओं में सुधार जरूरी है। उन्होंने बताया कि देश के अन्य बड़े मंदिरों की तरह यहां भी टोकन सिस्टम लागू रहेगा और पिछले अनुभवों के आधार पर इसमें सुधार किया जाएगा।

प्रशासन का मानना है कि शुरुआत में दिक्कतें आना सामान्य है, लेकिन भविष्य में यह व्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुविधाजनक साबित होगी।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *