• Wed. Aug 19th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

कोटद्वार में भारी बारिश का कहर, मकान ढहने से तीन की मौत; कई इलाकों में भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित

ByParyavaran Vichar

Aug 19, 2026

कोटद्वार। उत्तराखंड के पौड़ी जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने तबाही मचा दी। द्वारीखाल ब्लॉक के मेहरगांव (भलगांव) में बारिश के कारण एक मकान ढह गया। हादसे में चार लोग मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि देर शाम तक मलबे से तीन लोगों के शव बरामद किए गए।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण बचाव कार्य में भी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।

कई सड़कें भूस्खलन से बंद

लगातार बारिश के चलते क्षेत्र की कई सड़कें प्रभावित हुई हैं। सतपुली-गुमखाल मार्ग पर बाधित हिस्सों को जेसीबी की मदद से खोल दिया गया, जबकि गुमखाल-द्वारीखाल-महरगांव मार्ग को सुचारू करने के लिए भी मशीनें भेजी गईं।

एनएच-534 पर कई स्थानों पर भूस्खलन होने से यातायात प्रभावित हुआ है। बारिश के कारण रपटों में जलस्तर बढ़ने से भी स्थिति संवेदनशील बनी हुई है।

जिलाधिकारी ने सड़क, बिजली और पेयजल जैसी आवश्यक सेवाओं की लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं। बिजली आपूर्ति बाधित होने पर टीमों को तत्काल मौके पर भेजकर व्यवस्था बहाल करने को कहा गया है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

कल्पेश्वर मंदिर के पास भारी भूस्खलन

ज्योतिर्मठ की उर्गम घाटी में स्थित पांचवें केदार भगवान कल्पेश्वर महादेव मंदिर के पास भी भारी भूस्खलन हुआ। पहाड़ी से आया मलबा मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में जमा हो गया। इससे मंदिर को नुकसान पहुंचा और श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हुई है।

मलबा हटाए जाने के बाद ही मंदिर तक पहुंचने का रास्ता पूरी तरह बहाल हो सकेगा। लगातार बारिश के कारण पूरे क्षेत्र में हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं।

प्रदेश में 91 सड़कें बंद

बारिश और भूस्खलन के कारण उत्तराखंड में दो राज्यमार्ग समेत कुल 91 सड़कें बंद होने की जानकारी सामने आई है। अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, नैनीताल, पौड़ी, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी और उत्तरकाशी समेत कई जिलों में सड़कें प्रभावित हुई हैं।

बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर भी बढ़ा है। प्रशासन संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रहा है।

देहरादून और टिहरी में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने देहरादून और टिहरी जिलों के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ तेज बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए।

देहरादून में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों को बंद रखने के आदेश भी जारी किए गए थे। प्रदेश के अन्य जिलों में भी भारी बारिश और आकाशीय बिजली की आशंका के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *