• Wed. Aug 19th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

साबिर पाक के सालाना उर्स के बीच अजमेरी बाजार में भीषण आग, ज्वैलरी और खिलौनों की दुकानें जलकर खाक

ByParyavaran Vichar

Aug 19, 2026

पिरान कलियर (रुड़की)। साबिर पाक के सालाना उर्स के बीच मंगलवार देर रात अजमेरी बाजार में भीषण आग लगने से अफरातफरी मच गई। दरगाह पहाड़ी गेट के पास आर्टिफिशियल ज्वैलरी और खिलौनों की दुकानों में रात करीब एक बजे अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकानों से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।

आग की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर पानी और अन्य साधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को नियंत्रित किया।

दमकल पहुंचने में देरी पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों के अनुसार, आग की सूचना मिलने के करीब 20 मिनट बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान आग तेजी से फैलती रही और आसपास की दुकानों में भी आग लगने का खतरा बना रहा। दमकल कर्मियों ने पहुंचते ही आग बुझाने का अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

उर्स के चलते इन दिनों पिरान कलियर में बड़ी संख्या में जायरीन मौजूद हैं। बाजार के बीच आग लगने की खबर से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने भीड़ को हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

लाखों रुपये के नुकसान की आशंका

आग से दुकानों में रखा आर्टिफिशियल ज्वैलरी, खिलौने और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। दुकानदारों के मुताबिक आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि नुकसान का वास्तविक आकलन अभी नहीं हो पाया है।

प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य वजह से आग लगी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

लोगों की सूझबूझ से बची कबूतरों की जान

आग के दौरान स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए दुकानों के पीछे स्थित खानकाह में रखे कबूतरों को भी सुरक्षित बचा लिया। खानकाह के अंदर पिंजरे में बंद कबूतरों पर आग की लपटें पहुंचने का खतरा था। लोगों ने तत्काल पिंजरा बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया।

स्थानीय लोगों की तत्परता के कारण कबूतर आग की चपेट में आने से बच गए।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *