• Sat. Sep 12th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

नो-एंट्री के बावजूद क्वारब बाईपास से दौड़े भारी वाहन, हादसे का बढ़ा खतरा

ByParyavaran Vichar

Sep 12, 2026

अल्मोड़ा के क्वारब बाईपास पर जिला प्रशासन के प्रतिबंध के बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही जारी है। लगातार भूस्खलन के कारण संवेदनशील बने इस मार्ग पर यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने बसों और बड़े वाहनों के संचालन पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाई थी, लेकिन शुक्रवार को कई भारी वाहन प्रतिबंधित मार्ग से गुजरते दिखाई दिए।

प्रशासन के आदेश के अनुसार क्वारब बाईपास पर केवल हल्के वाहनों को आवाजाही की अनुमति दी गई है। बसों और भारी वाहनों के लिए अल्मोड़ा-विश्वनाथ-शहरफाटक मोटर मार्ग (राज्य मार्ग-13) और खैरना-रानीखेत मोटर मार्ग (राज्य मार्ग-14) को वैकल्पिक रास्ते के तौर पर निर्धारित किया गया है।

भूस्खलन के बीच नियमों की अनदेखी

क्वारब बाईपास की पहाड़ी लगातार दरक रही है और यहां भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। ऐसे में भारी वाहनों की आवाजाही यात्रियों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती है। प्रशासन ने लोगों से इस मार्ग पर जान जोखिम में डालकर सफर न करने की अपील की थी, लेकिन मौके पर आदेश का प्रभाव नजर नहीं आया।

प्रतिबंध के बावजूद बसों और भारी वाहनों के संचालन से यह सवाल उठ रहा है कि यदि इस दौरान कोई बड़ा हादसा होता है तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी। प्रशासन ने कहा था कि मार्ग की स्थिति की नियमित समीक्षा की जाएगी और सुरक्षा की दृष्टि से पूरी तरह अनुकूल पाए जाने के बाद ही भारी वाहनों के संचालन पर आगे फैसला लिया जाएगा।

उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

प्रभारी डीएम एवं सीडीओ अल्मोड़ा रामजी शरण शर्मा ने कहा कि आदेशों के उल्लंघन को लेकर पुलिस को निर्देशित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन हर हाल में आदेश का पालन कराएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

फिलहाल, संवेदनशील पहाड़ी पर भारी वाहनों की बेरोकटोक आवाजाही प्रशासनिक निगरानी और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *