• Mon. Jul 28th, 2025

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

पहली बार अयोध्या देखी तो मेरा युवा मन बहुत व्यथित हो गया…

ByParyavaran Vichar

Jan 8, 2024

देहरादून। राम जन्मभूमि का आंदोलन चरम पर था। तब पहली बार मुझे अयोध्या जाने का अवसर प्राप्त हुआ। मेरे मन में अयोध्या को लेकर जो कल्पना थी, वहां के दृश्य देखकर मुझे बहुत निराशा और दुख हुआ। हर तरफ पुलिस, सबकुछ बिखरा हुआ, इन चित्रों ने मेरे युवा मन को व्यथा से भर दिया। मन में प्रश्न उठ रहा था कि कब बनेगा भगवान राम का भव्य मंदिर। अंतर्मन से उत्तर पर आ रहा था कि समय के साथ यह सपना भी साकार होगा। सौभाग्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वह सपना भी साकार होने जा रहा है।

मैं उस समय लखनऊ में था। युवावस्था के उस दौर में मेरे कंधों पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की जिम्मेदारी थी। हम विद्यार्थियों की समस्याओं और मुद्दों को उठाने के साथ राम जन्मभूमि आंदोलन की गतिविधियों को भी देखते और समझते थे। बहुत चाह थी कि एक बार अयोध्या हो आएं। आखिर वह समय भी आ गया। लेकिन जब अयोध्या स्टेशन पर उतरा तो बाहर देखकर व्यथित हो गया। खुद से प्रश्न किया, क्या ये अयोध्या है? सब बिखरा हुआ। हर जगह पुलिस। मुझे तब और भी बुरा लगा जब मैंने रामलला के दर्शन किए। वह टैंट के नीचे विराजमान थे। मैं भावुक हो गया।

फिर कई वर्षों बाद मुझे दोबारा अयोध्या जाने का अवसर मिला। इस बार मैं मुख्य सेवक के रूप में अयोध्या गया था। तब तक सुप्रीम कोर्ट का आदेश आ चुका था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रामलला जन्म स्थान में विराजमान हो गए थे। मेरा मन आह्लादित हो गया। लगा अब तो बड़ा काम हो गया। खुशी चौगुनी हो गई जब प्रधानमंत्री ने अयोध्या में भगवान राम के भव्य और दिव्य मंदिर का खाका सामने रखा। तब आरंभ में ऐसा जरूर लगा कि अभी भव्य मंदिर बनने में बहुत समय लगेगा।

मगर जैसे ही 22 जनवरी 2024 की तारीख सामने आई तो आश्चर्य और खुशी की सीमा नही रही। पूरा देश 22 जनवरी का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। इस दिन भगवान राम के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का मुख्य समारोह होगा। उस वक्त हम नारा लगाते थे, राम लला हम आएंगे मंदिर वहीं बनाएंगे। अब हम कह रहे हैं, राम लला हम आ गए, मंदिर वहीं बना रहे। संघर्ष से सफलता तक की इस यात्रा के साक्षी रहे हर भारतीय के लिए यह गौरव की बात है।

(पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री)

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *