• Sat. May 3rd, 2025

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

देश बदलेगा भी और बढ़ेगा भी : पीएम मोदी

ByParyavaran Vichar

Jan 12, 2024

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज महाराष्ट्र के दौरे पर हैं। महाराष्ट्र में अटल सेतु के अलावा पीएम ने कई योजनाओं का तोहफा दिया है। उन्होंने कहा कि आज का दिन मुंबई और महाराष्ट्र के साथ ही विकसित भारत के संकल्प के लिए ऐतिहासिक है। आज दुनिया के सबसे बड़े पुल में से एक अटल सेतु देश को मिला है। आज का ये कार्यक्रम संकल्प से सिद्धि का प्रणाम है। उन्होंने कहा कि 24 दिसंबर 2016 का दिन मैं नहीं भूल सकता। जब मैं अटल सेतु के शिलान्यास के लिए यहां आया था। तब मैंने छत्रपति शिवाजी को नमन करते हुए कहा था कि लिखकर रखिए… देश बदलेगा भी और देश बढ़ेगा भी।

पीएम ने कहा कि ये मोदी की गारंटी थी और आज मैं फिर छत्रपित शिवाजी को नमन करते हुए, सिद्धि विनायक जी को प्रणाम करते हुए यह अटल सेतु मुंबई और देश के लोगों को समर्पित कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि हमारे लिए शिलान्यास, भूमिपूजन, उद्घाटन, लोकार्पण सिर्फ एक दिन का कार्यक्रम भर नहीं होता और ना ही मीडिया में आने के लिए और जनता को रिझाने के लिए होता है। हमारे लिए हर प्रोजेक्ट भारत के नवनिर्माण का माध्यम है। उन्होंने कहा कि अटल सेतु, विकसित भारत की तस्वीर है। विकसित भारत कैसा होने वाला है, उसकी एक झलक है। विकसित भारत में सबके लिए सुविधा होगी, सबकी समृद्धि होगी, गति होगी, प्रगति होगी, दूरियां सिमटेंगी और देश का कोना-कोना जुड़ेगा।

मोदी ने कहा कि जीवन हो या आजीविका, सब कुछ निरंतर, बिना रुकावट के चलेगा। यही तो अटल सेतु का संदेश है। उन्होंने यह भी कहा कि यह हमारे लिए उदाहरण है कि विकास के लिए हम समुद्र से भी लड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना हो, आयुष्मान भारत के तहत 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा हो, जन धन खाते हों, पीएम आवास के पक्के घर हों, घरों की रजिस्ट्री महिलाओं के नाम हो, गर्भवती महिलाओं के बैंक खाते में 6 हजार रुपये भेजना हो, नौकरी करने वाली महिलाओं को वेतन के साथ 26 हफ्ते की छुट्टी देना हो, सुकन्या समृद्धि खातों के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा ब्याज देना हो, हमारी सरकार ने महिलाओं का खास ध्यान रखा है।

मोदी ने मुंबई में ईस्टर्न फ्रीवे ऑरेंज गेट को मरीन ड्राइव से जोड़ने वाली भूमिगत सड़क सुरंग की आधारशिला रखी। उन्होंने मुंबई में सांताक्रूज इलेक्ट्रॉनिक एक्सपोर्ट प्रोसेसिंग जोन में रत्न और आभूषण क्षेत्र के लिए सुविधा केंद्र का उद्घाटन किया। मोदी ने महाराष्ट्र में महिलाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए नमो महिला सशक्तिकरण अभियान शुरू किया। प्रधानमंत्री मोदी ने ठाणे-वाशी/पनवेल ट्रांस-हार्बर लाइन पर नए उपनगरीय रेलवे स्टेशन दीघा गांव का उद्घाटन किया। मोदी ने मुंबई में खार रोड और गोरेगांव रेलवे स्टेशनों के बीच नयी छठी लाइन का उद्घाटन किया। मोदी ने कहा कि अटल सेतु ट्रांस हार्बर लिंक बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में भारत की शक्ति को प्रदर्शित करता है, यह बताता है कि देश विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 10 साल पहले, हजारों, लाखों करोड़ रुपए के Mega Scams की चर्चा होती थी। आज हजारों करोड़ रुपए के mega projects के पूरा होने की चर्चा होती है। उन्होंने कहा कि आज एक तरफ, गरीब का जीवन बेहतर बनाने के लिए महा-अभियान हैं, तो दूसरी तरफ, देश के कोने-कोने में चल रही महा-परियोजनाएं हैं। हम अटल पेंशन योजना भी चला रहे हैं और अटल सेतु भी बना रहे हैं। हम आयुष्मान भारत योजना भी चला रहे हैं और वंदेभारत-अमृतभारत ट्रेनें भी बना रहे हैं। हम पीएम किसान सम्मान निधि भी दे रहे हैं और पीएम गतिशक्ति भी बना रहे हैं।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *