• Tue. May 5th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

वसुधारा झील पर लगेगा अर्ली वार्निंग सिस्टम, उत्तराखंड में बनेंगी नई वेधशालाएं

ByParyavaran Vichar

May 5, 2026

देहरादून: उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। वसुधारा झील राज्य की पहली हिमनद झील होगी, जहां अर्ली वार्निंग सिस्टम स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना को वाडिया हिमालय भू विज्ञान संस्थान के सहयोग से लागू किया जाएगा।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली, ग्लेशियर झील विस्फोट जोखिम न्यूनीकरण और भूस्खलन नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि वसुधारा झील को एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां आधुनिक मॉनिटरिंग सिस्टम और रियल-टाइम अलर्ट व्यवस्था स्थापित की जाएगी।

इस मॉडल को भविष्य में राज्य की अन्य संवेदनशील हिमनद झीलों पर भी लागू करने की योजना है, ताकि प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले जोखिम को कम किया जा सके। सरकार ने वर्ष 2026-27 के भीतर इस सिस्टम को स्थापित करने का लक्ष्य रखा है।

इसके अलावा, राज्य में भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली को भी मजबूत किया जा रहा है। वर्तमान में कई सेंसर और सायरन लगाए जा चुके हैं, और आईआईटी रुड़की के सहयोग से इस प्रणाली को और उन्नत किया जा रहा है। आने वाले समय में भूकंपीय संवेदनशील क्षेत्रों में 500 से अधिक स्ट्रॉन्ग मोशन सेंसर लगाए जाएंगे।

भूकंपीय निगरानी को बेहतर बनाने के लिए रुड़की, देवप्रयाग, कर्णप्रयाग, रामनगर, बागेश्वर, अल्मोड़ा, केदारनाथ और चकराता में नई स्थायी वेधशालाएं स्थापित करने का भी प्रस्ताव है। इससे राज्य में आपदा पूर्व चेतावनी प्रणाली और अधिक प्रभावी हो सकेगी।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *