देहरादून । देहरादून के चंद्रबनी चौक के पास गुरुवार सुबह एक सैलून में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, सिटी कंट्रोल रूम के माध्यम से फायर स्टेशन देहरादून को चंद्रबनी चौक स्थित बिग मास्टर हेयर एंड ब्यूटी सैलून में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने देखा कि आग तेजी से फैल रही थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर सर्विस की टीम ने होजरील और डिलीवरी होज पाइप की मदद से चारों ओर से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया और आसपास की दुकानों को भी सुरक्षित बचा लिया गया।
घटना में सैलून के अंदर रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया। राहत और बचाव कार्य में गैल फायर सर्विस की टीम ने भी सहयोग किया।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
