हरिद्वार/देहरादून: नरेंद्र मोदी मंगलवार को प्रधानमंत्री बनने के बाद 28वीं बार उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं। उनके स्वागत के लिए पूरे प्रदेश में तैयारियां जोरों पर हैं।
प्रधानमंत्री इस दौरान 11,963 करोड़ रुपये की लागत से बने 213 किलोमीटर लंबे दून-दिल्ली एलिवेटेड एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से देहरादून से दिल्ली की दूरी घटकर करीब ढाई से तीन घंटे रह जाएगी, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
इसके अलावा, प्रधानमंत्री देश के पहले 1000 मेगावाट क्षमता वाले वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज संयंत्र का भी उद्घाटन करेंगे। राज्य सरकार इस कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने में जुटी हुई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से गहरा भावनात्मक और कार्यात्मक जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में राज्य में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाएं शुरू की गई हैं।
प्रधानमंत्री अपने पिछले दौरों में केदारनाथ, बदरीनाथ और मुखबा जैसे धार्मिक स्थलों का भी दौरा कर चुके हैं। उनके इस दौरे को लेकर प्रदेशवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
धामी ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है। चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और कई अन्य बड़ी योजनाएं राज्य के विकास को नई दिशा दे रही हैं।
