देहरादून: उत्तराखंड की चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया है। यात्रा शुरू होने के मात्र 23 दिनों के भीतर दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 11 लाख के पार पहुंच गई है। खराब मौसम और ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु लगातार धामों की ओर पहुंच रहे हैं।
चारधाम यात्रा की शुरुआत 19 अप्रैल को गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ हुई थी। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए।
पर्यटन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, अब तक केदारनाथ धाम में 4.50 लाख से अधिक, बदरीनाथ धाम में 2.70 लाख, गंगोत्री धाम में 1.65 लाख और यमुनोत्री धाम में 1.69 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं, चारधाम यात्रा के लिए कुल पंजीकरण का आंकड़ा 32.75 लाख तक पहुंच गया है।
केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में प्रतिदिन औसतन 15 से 20 हजार श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं। बारिश और ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिख रही है।
