• Sat. Jun 27th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

12 साल बाद फिर शुरू हुआ कंडीसौड़ आईटीआई, इलेक्ट्रिशियन ट्रेड में शुरू हुए प्रवेश

ByParyavaran Vichar

Jun 27, 2026

टिहरी। थौलधार ब्लॉक मुख्यालय कंडीसौड़ स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) 12 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद दोबारा संचालित हो गया है। फिलहाल संस्थान में राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एससीवीटी) के तहत इलेक्ट्रिशियन ट्रेड में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने संस्थान में नए ट्रेड शुरू कर इसे राष्ट्रीय व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एनसीवीटी) से संबद्ध करने की मांग उठाई है।

कंडीसौड़ आईटीआई की शुरुआत वर्ष 2006 में ब्लॉक कार्यालय के एक कमरे से सिलाई-बुनाई और कंप्यूटर ट्रेड के साथ हुई थी। वर्ष 2014 में भवन क्षतिग्रस्त होने के कारण संस्थान का संचालन बंद करना पड़ा। इसके बाद क्षेत्र के युवाओं को व्यावसायिक शिक्षा के लिए चंबा, जिला मुख्यालय और मैदानी क्षेत्रों का रुख करना पड़ता था।

स्थानीय लोगों के प्रयास से कंडी गांव के ग्रामीणों ने आईटीआई भवन निर्माण के लिए 10 नाली भूमि उपलब्ध कराई। इसके बाद वर्ष 2018 में करीब दो करोड़ रुपये की लागत से नए भवन के निर्माण को मंजूरी मिली। भवन तैयार होने के बाद अब संस्थान में फिर से शिक्षण कार्य शुरू हो गया है।

आईटीआई के फोरमैन विकास चंद्र ने बताया कि इलेक्ट्रिशियन ट्रेड की 20 सीटों में अब तक नौ अभ्यर्थियों ने प्रवेश ले लिया है और जुलाई में यह संख्या बढ़ने की उम्मीद है।

ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि संस्थान में अन्य रोजगारपरक ट्रेड भी शुरू किए जाएं और एनसीवीटी से मान्यता प्राप्त करने के लिए आवेदन किया जाए, ताकि क्षेत्र के अधिक से अधिक युवाओं को गुणवत्तापूर्ण व्यावसायिक शिक्षा का लाभ मिल सके।

आईटीआई टिहरी की प्रधानाचार्य एवं नोडल अधिकारी पल्लवी ने बताया कि वर्तमान में एससीवीटी के तहत इलेक्ट्रिशियन ट्रेड में प्रवेश जारी हैं। फैशन डिजाइनिंग कोर्स के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध होते ही दूसरा ट्रेड भी शुरू किया जाएगा। इसके बाद संस्थान को एनसीवीटी से संबद्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *