• Sat. May 9th, 2026

Paryavaran Vichar

Hindi News Portal

दलाल पर कार्रवाई न होने से नाराज ट्रांसपोर्टरों ने ऋषिकेश में चौकी का घेराव किया

ByParyavaran Vichar

May 9, 2026

ऋषिकेश। केदारनाथ यात्रा से जुड़े एक मामले में कथित दलाल के खिलाफ कार्रवाई न होने पर ट्रांसपोर्टरों ने शुक्रवार शाम आईएसबीटी चौकी का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। ट्रांसपोर्टरों ने पुलिस पर मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।

डीलक्स टैक्सी एसोसिएशन के अध्यक्ष हेमंत डंग ने बताया कि तीन दिन पहले ऋषिकेश से तीर्थयात्रियों को रुद्रप्रयाग नंबर की एक टैक्सी में केदारनाथ यात्रा के लिए भेजा गया था। जांच के दौरान एआरटीओ ऋषिकेश रश्मि पंत ने तपोवन क्षेत्र में वाहन को पकड़ा। वाहन के यात्रा संबंधी दस्तावेज पूरे न होने पर उसे सीज कर दिया गया।

पूछताछ में चालक ने एक कथित दलाल का नाम, मोबाइल नंबर और फोटो एआरटीओ को उपलब्ध कराए। इसके बाद एआरटीओ प्रवर्तन ने आईएसबीटी चौकी प्रभारी को शिकायत देकर संबंधित दलाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की थी।

ट्रांसपोर्टरों का आरोप है कि शिकायत दिए जाने के तीन दिन बाद भी पुलिस ने न तो दलाल से पूछताछ की और न ही एफआईआर दर्ज की। इससे नाराज होकर परिवहन व्यवसायियों ने शाम करीब 6:30 बजे आईएसबीटी चौकी पहुंचकर प्रदर्शन किया और जल्द कार्रवाई की मांग उठाई।

मामले में कोतवाली ऋषिकेश के प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने कहा कि पूरे प्रकरण की जानकारी जुटाई जा रही है। नियमों के विरुद्ध कार्य करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और परिवहन व्यवसायियों को इस संबंध में आश्वस्त किया गया है।

By Paryavaran Vichar

उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार एक ऐसा माध्यम है, जो हिंदी भाषा में लोगों को ताज़ा और महत्वपूर्ण समाचार प्रदान करता है। हिंदी समाचार पोर्टल पर्यावरण विचार द्वारा लोग उत्तराखण्ड के साथ-साथ फीचर, खेल, मनोरंजन, राजनीतिक, आलेख और राष्ट्रीय समाचारआदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *